- पुलिस मुख्यालय से जारी हुआ आदेश, सभी थानों को दिया गया निर्देश
गोरखपुर। अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली धनराशि में बढ़ा दी गई है। पहले मिलने वाले 2400 रुपये को बढ़ाकर 3500 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही शवों की सुरक्षा, पहचान और जांच प्रक्रिया को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के बाद अब थानों और चौकियों को लावारिस शवों के दाह संस्कार के लिए 3500 रुपये की राशि दी जाएगी। इस राशि में कफन के लिए 500 रुपये, लकड़ी और जलाने की व्यवस्था के लिए 2500 रुपये तथा वाहन किराया के रूप में 500 रुपये शामिल किए गए हैं। यदि जिले में शव वाहन की व्यवस्था है, तो अलग से किराया नहीं दिया जाएगा।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी लावारिस शव पर यदि चोट के निशान या किसी अप्राकृतिक घटना की आशंका होती है तो मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाना अनिवार्य होगा। इससे किसी आपराधिक मामले की अनदेखी न हो और जांच समय पर शुरू हो सके। मॉर्चरी के कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की गई है। लावारिस शव को कम से कम 72 घंटे तक सुरक्षित रखना उनकी जिम्मेदारी होगी। इस दौरान यदि शव की पहचान हो जाती है और मृतक के परिजन दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग करते हैं तो उनकी अर्जी को संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अग्रसारित किया जाएगा। तब तक शव की देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी मॉर्चरी के कर्मचारियों की ही होगी।