गोरखपुर में फिल्मों की शूटिंग के लिए अनुमति की प्रक्रिया को जिला प्रशासन आसान करने जा रहा है। अब कोई फिल्मकार मुंबई में बैठे-बैठे जिले के किसी भी लोकेशन पर फिल्म की शूटिंग के लिए ऑनलाइन स्वीकृति प्राप्त कर सकेगा।
पर्यटन के नक्शे पर तेजी से अपना स्थान बन रहे गोरखपुर में फिल्मों की शूटिंग की अपार संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह कवायद शुरू की है।
आनलाइन अनुमति की व्यवस्था बनाने के लिए लिंक डेवलप करने का काम तेजी से चल रहा है। एनआइसी की वेबसाइट पर यह लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। कोई भी लिंक पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
सभी विभागों से अनापत्ति (एनओसी) के साथ अधिकतम एक सप्ताह में शूटिंग की अनुमति मिल जाएगी। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक नई व्यवस्था का शुभारंभ कर दिया जाएगा।
अभी लगाना पड़ता है विभागों का चक्कर
शूटिंग की अनुमति के लिए अभी मैनुअल व्यवस्था है। इसके लिए फिल्म निर्माण करने वाली कंपनी के कर्मचारी को गोरखपुर आकर आवेदन करना पड़ता है। इसके बाद जिला प्रशासन से लेकर पुलिस विभाग के कार्यालयों का चक्कर लगाना होता है।