वाहनों के परमिट के लिए अब ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के तीन दिनों के अंदर परमिट ऑनलाइन ही जारी हो जाएगी। नई व्यवस्था शनिवार से प्रभावी हो गई। इससे एक ओर आवेदकों को आरटीओ के बार-बार चक्कर लगाने से निजात मिलेगी, वहीं उन्हें बिचौलियों का भी सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
पहले आवेदक को परमिट के लिए आवेदन पत्र लेकर विभाग में जाना पड़ता था। दस्तावेजों की जांच से लेकर परमिट लेने तक के लिए बार-बार आरटीओ का चक्कर लगाना पड़ता था। अब आवेदक को वाहन फॉर साफ्टवेयर की वेबसाइट परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन पर ऑनलाइन सर्विस का विकल्प चुनकर परमिट के लिए आवेदन कर सकता है। इसमें ऑनलाइन ही फीस जमा होगी। दो दिन में जमा किए गए दस्तावेजों की जांच पूरी हो जाएगी।
मोबाइल पर आएगा कन्फर्म मैसेज
संबंधित परमिट अधिकारी परमिट आवेदन को स्वीकृत कर कॉपी वेबसाइट पर ही जारी कर देगा। उसके बाद आवेदक के मोबाइल पर कन्फर्म का मैसेज आएगा। तीसरे दिन आवेदक ऑनलाइन अपने परमिट का प्रिंट ले सकेगा।
आरटीओ प्रशासन श्याम लाल ने बताया कि परमिट के लिए लोगों को काफी परेशान होना पड़ता था। वहीं इस काम के लिए लोग बिचौलियों से भी संपर्क करके फंस जाते थे। शनिवार से ऑनलाइन परमिट की व्यवस्था शुरू होने के बाद अब आवेदकों को किसी का सहारा लेने की जरूरत नहीं होगी।