- उपभोक्तओं को सही बिल मिले इसके लिए बिजली निगम ने लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जोन के 23 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने की जगह दो महीने पर बिजली बिल दिया जाएगा। पावर कारपोरेशन के आदेश के बाद यह निर्णय लिया गया है। उपभोक्ताओं को सही बिल मिले, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है।
ज्यादातर मीटर रीडर बिना गए घर बैठे ही बिल बना देते हैं। इस वजह से ज्यादातर बिलों में गड़बड़ी होती है। कभी मीटर रीडर ज्यादा रीडिंग का बिल बना देते हैं तो कभी काफी कम यूनिट फीड कर देते हैं। साथ ही कई जगहों पर बिलिंग समस्या के चलते उपभोक्ताओं को समय से बिल उपलब्ध नहीं हो पाता है। साथ ही बिल गड़बड़ हो जाता है। इसकी वजह से बिजली निगम की छवि धूमिल होती है।
बिलिंग सिस्टम में सुधार हो और उपभोक्ताओं को सही बिल मिल सके, इसलिए अब एक महीने की जगह दो महीने का बिजली बिल मुहैया कराने के लिए बिजली निगम ने फैसला लिया है, ताकि उपभोक्ताओं को सही बिजली का बिल मिल सके और उन्हें बिल दुरूस्त कराने के लिए इधर-उधर बिजली दफ्तरों का चक्कर ना लगना पड़े। वहीं रीडर को बिल निकालने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
कोट
गलत बिजली बिल से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है, ऐसे में अब जहां पर अधिक बिलिंग की समस्या है और उपभोक्ताओं को समय से बिल नहीं मिल पा रहे हैं उन क्षेत्रों में अब एक महीने की जगह दो महीने पर बिल मुहैया कराने का निर्णय लिया गया है।
आशु कालिया, मुख्य अभियंता