जल्द ही रेलवे स्टेशनों पर रेलकर्मी टिकट को हाथ में लेकर चेक नहीं करंगे। उनके बिना छूए ही टिकटों की जांच हो जाएगी। इसके लिए स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
कैमरे के सामने टिकट लाते ही पता चल जाएगा कि टिकट कंफर्म है या वेटिंग। लखनऊ जंक्शन और प्रयागराज में कैमरे लगा दिए गए हैं। गोरखपुर जंक्शन और मंडुआडीह में कैमरे जल्द लगाए जाएंगे, इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्टेशन पर पहुंचने के बाद यात्री को मोबाइल में मौजूद ई टिकट या काउंटर से लिया गया प्रिंट टिकट कैमरे के सामने करना होगा। कैमरा में स्कैन होते ही पता चल जाएगा कि टिकट वेटिंग है या कंफर्म।
कंफर्म टिकट वाले यात्री को प्लेटफार्म पर जाने के लिए अनुमित मिल जाएगी। जहां पहले से तैनात टिकट स्टाफ पहचान पत्र देखकर निर्धारित कोच व बर्थ पर यात्री को बैठा देंगे। जिनके पास वेटिंग टिकट होगा उन्हें वापस कर दिया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लग जाने के बाद टिकट चेकिंग की प्रक्रिया आसान हो जाएगी और सुरक्षित भी रहेगा।