गोरखपुर। खोराबार क्षेत्र के देवरिया बाईपास स्थित जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद अब दोतरफा कानूनी लड़ाई में बदल गया है। रचित हॉस्पिटल की कंपनी की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने की कोशिश के आरोप में कंपनी के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश पांडेय ने भी खोराबार थाने में तहरीर दी है। इसमें रामप्रवेश यादव, प्रभुनाथ यादव समेत अन्य लोगों पर करीब 10 डिसमिल जमीन पर कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले अधिवक्ताओं की शिकायत पर हॉस्पिटल मैनेजर समेत 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कंपनी के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश पांडेय के मुताबिक, विवादित जमीन की अलग-अलग समय पर रजिस्ट्री कराई गई है। इसकी अंतिम रजिस्ट्री 20 अगस्त 2026 को हुई थी। जमीन के बगल में रामप्रवेश यादव, प्रभुनाथ यादव और अन्य लोगों की करीब 40 डिसमिल जमीन है। आरोप है कि दूसरा पक्ष करीब 50 डिसमिल जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी क्रम में 11 नवंबर से कंपनी की 10 डिसमिल जमीन पर अवैध निर्माण कराने की कोशिश की जा रही है।
सत्य प्रकाश पांडेय का आरोप है कि निर्माण रोकने पहुंचने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए विवाद किया। उन्होंने पुलिस पर भी दूसरे पक्ष का साथ देने का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार, जमीन की पैमाइश को लेकर एसडीएम न्यायालय में धारा 24 के तहत मामला विचाराधीन है। इसकी सुनवाई के लिए 17 नवंबर की तारीख तय है। आरोप है कि पैमाइश से पहले ही दूसरा पक्ष निर्माण कराकर जमीन पर कब्जा करना चाहता है।
थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।