गोरखपुर। बिजली कटौती से बुधवार रात रुस्तमपुर व लालडिग्गी में लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं को हुई परेशानी के कारण टाउनहाल के एक्सईएन, लालडिग्गी उपखंड के एसडीओ को नोटिस दिया गया है। साथ ही जेई लालडिग्गी को हटाकर परीक्षण खंड में भेज दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता शहरी रणजीत चौधरी ने शुक्रवार रात कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि विद्युत उपखंड रुस्तमपुर का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे लालडिग्गी उपखंड के एसडीओ राजेश चौहान को नियम 10 के तहत व टाउनहॉल के एक्सईएन अंकित कुमार को नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की समस्या पर जेई लालडिग्गी संदीप को अधीक्षण अभियंता शहरी ने परीक्षण खंड मीटर भेज दिया गया है।
विभागीय कार्यों के प्रति शिथिलता पर्यवेक्षण, कार्यों में घोर लापरवाही, अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रणहीनता एवं अक्षमता के साथ ही समय रहते बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए प्रभावी कार्यवाही न किया जाना तथा कर्मचारियों की गतिविधियों की निगरानी न करने का आरोप भी है।
बता दें कि विगत बुधवार रात को 11 बजे से लेकर सुबह 04:30 बजे तक फाल्ट के कारण रुस्तमपुर के लगभग 15 हजार उपभोक्ता गर्मी से परेशान रहे थे।