गोरखपुर। राज्य सूचना आयोग लखनऊ ने जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत निर्वाचन कार्यालय के तीन अधिकारियों को सूचना देने में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी किया है। मामला सिमकाम कंप्यूटर गोलघर के प्रोपराइटर मनीष सक्सेना से जुड़ा है।
यह आदेश राज्य सूचना आयुक्त डाॅ. दिलीप कुमार अग्निहोत्री ने मनीष सक्सेना बनाम जनसूचना अधिकारी, निर्वाचन विभाग गोरखपुर प्रकरण में पारित किया है। मनीष ने शिकायत की है कि उन्होंने वर्ष 2007 से 2011 के बीच निर्वाचन विभाग के लिए मतदाता पहचान पत्र निर्माण का कार्य किया था। मनीष का आरोप है कि उन्होंने कार्य पूरी गुणवत्ता और समय पर किया था, लेकिन करीब नौ लाख रुपये की देय राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया। आयोग में सुनवाई के दौरान अपीलार्थी मनीष सक्सेना ने बताया कि उन्होंने 26 मार्च 2025 को मांगी गईं सूचनाएं अधूरी व भ्रामक रूप में प्राप्त की थीं।
इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीत कुमार सिंह का कहना है कि मामले का निस्तारण किया जा चुका है। शिकायतकर्ता गलत मांग कर रहे हैं।