गोरखपुर विश्वविद्यालय के बीकॉम (बैंकिंग एंड इंश्योरेंस) के छात्रों की ओर से शुल्क बढ़ोतरी के मुद्दे पर बार-बार प्रदर्शन करने के मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीरता से लिया है। प्रदर्शन में शामिल 12 छात्रों को वाणिज्य विभाग के संकायाध्यक्ष ने अनुशासनहीनता के लिए नोटिस दिया है।
विश्वविद्यालय के मीडिया सेल के मुताबिक, यह नोटिस छात्रों के अभिभावकों को भेजा जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पिछले छह-सात महीने से इन छात्रों को समझाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, ये छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन की बात को नहीं समझ रहे।
बीकॉम (बैंकिंग एंड इंश्योरेंस) स्ववित्तपोषित कार्यक्रम है तथा इस कार्यक्रम के छात्रों से वही शुल्क लिया जा रहा है, जो विश्वविद्यालय की कार्य परिषद, विद्या परिषद तथा वित्त समिति से स्वीकृत है। संकायाध्यक्ष प्रो. वीएन पांडेय ने साफ किया है कि उन छात्रों को ही परीक्षा देने के अनुमति दी जाएगी, जो पूर्व निर्धारित शुल्क जमा करेंगे।
शुल्क जमा करने के लिए तीन दिन खुलेगा पोर्टल
संकायाध्यक्ष ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन विलंब शुल्क के साथ शुल्क जमा करने के लिए शनिवार से अपना पोर्टल तीन दिन के लिए खोलेगा। जो विद्यार्थी फीस जमा नहीं करेंगे उन्हें परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिलेगा और उन्हें इस कोर्स को छोड़ना पड़ेगा।