गोरखपुर में छठ और वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब उनकी वापसी की राह आसान हो जाएगी। रेलवे बोर्ड ने 30 नवंबर तक चल रहीं सभी पूजा स्पेशल ट्रेनों को 31 दिसंबर तक चलाने का निर्देश दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे में 29 पूजा स्पेशल ट्रेनें अब एक महीने तक और चलेंगी।
त्योहार में आए लोगों को दिल्ली और मुंबई की ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। वहीं, 25 नवंबर से 11 दिसंबर तक मांगलिक कार्यक्रमों के लिए मुहूर्त है। इसमें शामिल होने आए लोग दिसंबर में पूजा स्पेशल ट्रेन के न चलने से परेशान थे। अमर उजाला ने उनकी परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
अब रेलवे बोर्ड ने बृहस्पतिवार को सभी पूजा स्पेशल ट्रेनों को पूर्व की समय सारिणी के अनुसार 31 दिसंबर तक चलाने का निर्देश जारी किया है। अब दिल्ली, मुंबई, हटिया, कोलकाता, बंगलूरू, जम्मूतवी, पंजाब, त्रिवेंद्रम आदि स्थानों के लिए लोगों को ट्रेनें मिल जाएंगी।
अभी ट्रेनों में है भीड़
त्योहार और वैवाहिक कार्यक्रमों के चलते इस समय ट्रेनों में भीड़ है। किसी भी ट्रेन में बर्थ खाली नहीं है। मुंबई, कोलकाता और त्रिवेंद्रम जाने के लिए यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। ट्रेनें 31 दिसंबर तक चलने लगेंगी तो यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।