रेलवे में विभागीय पदोन्नति का रास्ता अब साफ हो गया है। रेलवे प्रशासन ने सामान्य विभागीय सीमित परीक्षा के तहत लेवल पांच और छह का पैनल जारी कर दिया है। दोनों ही लेवल के अधीन सहायक स्टेशन मास्टर और सीनियर कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के रिक्त पदों पर तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रेलवे में काफी समय से पदोन्नति की प्रक्रिया अटकी हुई थी। जिसे लेकर रेलवे यूनियन के पदाधिकारी आंदोलन भी कर रहे थे। अभी तकनीशियन तृतीय व सहायक लोको पायलटों के लिए आयोजित लेवल वन परीक्षा का पैनल जगह नहीं होने के चलते जारी नहीं हो सका है। ऐसे में लेवल वन के अभ्यर्थियों को तैनाती के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।
दरअसल, रेलवे प्रशासन ने सहायक लोको पायलट के पदों पर निर्धारित पदों के सापेक्ष अधिक अभ्यर्थियों का पैनल जारी कर दिया था। ऐसे में अतिरिक्त अभ्यर्थियों को दूसरे जोन में तैनाती दी जा रही है। बाद में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए जगह बनाई जाएगी।