सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र के बेलवा महदेवा गांव में बुधवार को पोखरे में भैंस को निकालने गए नौ वर्षीय बच्चे की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दिए बिना सुपुर्द ए खाक कर दिया।
क्षेत्र के बेलवा महदेवा गांव निवासी सफू का नौ वर्षीय बेटा मन्नान मंगलवार सुबह महदेवा गांव के उत्तर स्थित पोखरे से भैंसों को निकालने गया था। बताया जा रहा है कि पोखरे में जाने के बाद पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसे डूबता हुआ देख जब तक आसपास के लोग बचाने की कोशिश करते तब तक वह पानी में समां चुका था। खोजबीन करके लोगों ने उसे पोखरे से बाहर निकाला तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को सूचना दिए बैगर शव का दफन कर दिया है। एसओ चिल्हिया सभाशंकर ने बताया कि तालाब में किसी लड़के की डूबने का मामला संज्ञान में अभी नहीं आया है।