गोरखपुर जिले में नाइट कर्फ्यू बृहस्पतिवार से रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। पहले यह समय रात 10 से सुबह छह बजे तक था। सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या एक हजार से नीचे पहुंचने पर प्रतिबंधों में यह छूट दी गई है।
इसी तरह शादी समेत किसी भी मांगलिक कार्यक्रम में 200 लोग शामिल हो सकेंगे। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 50 फीसदी क्षमता के साथ सभी सिनेमाहाल, जिम और वाटर पार्क भी खुल सकेंगे। रेस्त्रां पहले से ही 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं।
डीएम विजय किरन आनंद ने बृहस्पति को इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। शासन ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनके तहत कई प्रतिबंध लागू किए गए हैं। सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर डीएम ने 11 जनवरी को इन प्रतिबंधों को और बढ़ा दिया था। मगर, अब संख्या कम होने पर डीएम ने बृहस्पतिवार से इनमें काफी राहत दी है।
ये प्रतिबंध बने रहेंगे
- बंद स्थानों पर शादी समारोहों में एक बार में अधिकतम 200 लोग ही मौजूद रह सकेंगे। उन्हें अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा और दो गज की दूरी का पालन करना होगा। प्रवेश द्वार पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी।
- खुले स्थान पर शादी समारोह है तो मैदान की क्षमता के 50 प्रतिशत तक ही अतिथि आ सकेंगे। मास्क की अनिवार्यता, दो गज की दूरी एवं अन्य कोविड प्रोटोकाल के साथ अनुमति दी जाएगी।
- चिड़ियाघर, पुरातत्व विभाग के स्मारक एवं क्लबों में भी कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करनी होगी। मास्क का प्रयोग अनिवार्य होगा।
- स्वीमिंग पूल, वाटर पार्क एवं जिम कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित होंगे।
- रेस्टोरेंट, होटल के रेस्टोरेंट एवं खाने-पीने के स्थल, सिनेमा हाल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित होंगे। यहां कोविड हेल्प डेस्क स्थापित कर स्क्रीनिंग की व्यवस्था करनी होगी।
- धार्मिक संस्थाओं एवं धार्मिक स्थलों पर कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी और मास्क का प्रयोग सुनिश्चित कराया जाएगा।
- आईटी से जुड़ी निजी कंपनियां, वर्क फ्रॉम होम के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक हजार से कम हो गई है, लेकिन अभी लापरवाही नहीं की जा सकती। लोगों से अपील है कि वे अभी भी पूरी सतर्कता बरतें। मास्क लगाएं और दो गज की दूरी बनाए रखें। सक्रिय मरीजों की संख्या कम होने पर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिबंधों में कुछ छूट दी गईं हैं।
- विजय किरन आनंद, डीएम