गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र का नया परिसीमन शासन ने तय कर दिया है। निगम की तरफ से प्रस्तावित कुछ वार्डों की संख्या व नाम बदल गए हैं। सीमा क्षेत्रों में भी बदलाव हुआ है। अब नगर निगम के कुल वार्ड 80 हो गए हैं। पहले वार्डों की यही संख्या 70 थी।
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने सोमवार को जो आदेश जारी किया है, उसके मुताबिक नगर निगम क्षेत्र में 32 गांवों को शामिल कर लिया गया है। साथ ही अलीनगर-आर्यनगर और रुस्तमपुर-चंद्रशेखर आजाद चौक हो गया।
इसी तरह बाबा गंभीरनाथ, बाबा राघवदास, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, पंडित रामप्रसाद बिस्मिलनगर, महाराणा प्रताप, अशफाकउल्लाह खां आदि के नाम पर वार्ड बने हैं। नगर निगम की ओर से प्रस्तावित वार्ड संख्या 40 गुलरिहा अब वार्ड संख्या 30 हो गया है। रानीडीहा, बाबा गंभीरनाथ नगर और मदन मोहन मालवीय नगर का क्रम भी बदल गया है।