बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जल्द ही न्यूरो सर्जरी शुरू होगी। यह सर्जरी नेहरू अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर में की जाएगी। इसकी तैयारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शुरू कर दी है। सर्जरी के लिए 25 मरीजों की सूची बनाई गई है।
प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने दो दिन पहले ही उप प्राचार्य डॉ. महिम मित्तल, एनस्थीसिया के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील आर्या और जरनल सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश पाल के साथ बैठक की थी। इस दौरान तीनों न्यूरो सर्जन मौजूद रहे। डॉक्टरों ने वर्तमान संसाधनों में मध्यम दर्जे की न्यूरो सर्जरी शुरू करने पर सहमति जताई।
पांच साल से बंद है न्यूरी सर्जरी
मेडिकल कॉलेज में पांच साल से न्यूरो सर्जरी बंद है। न्यूरो सर्जन सेवानिवृत्त हो गए थे। अब प्रदेश सरकार द्वारा सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को बीआरडी में तैनात किया गया। इन 14 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों में तीन न्यूरो सर्जन हैं।
प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में न्यूरो सर्जरी का ऑपरेशन जल्द शुरू हो जाएगा। शुरुआत में ऐसे ऑपरेशन किए जाएंगे जिसमें खतरे की गुंजाइश कम हो। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक पूरी तरह संचालित होने के बाद गंभीर और अति गंभीर मरीजों का भी ऑपरेशन किया जाएगा। न्यूरोसर्जरी की इमरजेंसी भी शुरू की जाएगी।