कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए रेलवे ने आगाह किया है। रेल प्रशासन ने कहा है की बीमार, बुजुर्ग और बच्चे यात्रा न करें, बहुत जरूरत हो तभी निकलें।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने रेल मंत्रालय और गृह मंत्रालय की एडवाइजरी का हवाला देकर कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान पहले से बीमार, बुजुर्ग और बच्चों में उनके स्वास्थ्य को खतरा बढ़ जाता है। यात्रा के दौरान पूर्वग्रसित बीमारियों से लोगों की मृत्यु होने के कुछ दुर्भाग्यपूर्ण मामले भी मिले हैं।
इस प्रकार की घटनाओं को रोकने तथा ऐसे कुछ लोगों की सुरक्षा हेतु रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय के 17 मई 2020 के आदेश के तहत सभी रेलयात्रियों से अपील करता है कि पूर्वग्रसित बीमारी जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कर्करोग, कम प्रतिरक्षा वाले व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे एवं 65 वर्ष से ऊपर के बुर्जुग अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिये, जब तक अत्यन्त आवश्यक ना हो रेल यात्रा करने से बचे।
138 व 139 पर मिलेगा सहयोग
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि किसी भी कठिनाई या आकस्मिकता पड़ने पर कृपया रेल प्रशासन से सम्पर्क करें। यात्री हेल्प लाइन नम्बर- 139 एवं 138 पर सहयोग ले सकते हैं।