नेपाल जाने की मांग को लेकर गुरुवार की रात 9:00 बजे नेपाली नागरिकों ने सोनौली बॉर्डर पर हंगामा किया। नेपाली नागरिकों ने कहा कि नेपाल जाने की अनुमति दी जाए लेकिन नेपाल प्रशासन ने आने की इजाजत नहीं दी।
इससे आक्रोशित होकर नेपाली नागरिकों ने सरहद पर जमकर हंगामा किया। नेपाली नागरिकों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए भारत और नेपाल पुलिस अपनी अपनी सीमा में सतर्क हो गई।
सोनौली बॉर्डर पर पहुंचे एसडीएम नौतनवां जसधीर सिंह, सीओ राजू कुमार साव, एसएसबी के अधिकारी नेपाली नागरिकों को समझाने में जुट गए। अधिकारियों ने कहा कि आप सभी लोगों के लिए क्वारंटीन सेंटर में रहने खाने की व्यवस्था है, जब नेपाली प्रशासन जाने की अनुमति देगा तो यहां से भेज दिया जाएगा।
इसके बाद आक्रोशित नेपाली नागरिकों का गुस्सा ठंडा हुआ और धीरे-धीरे सोनौली कस्बे में बने क्वारंटीन सेंटर की ओर चले गए। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं सतर्कता बरतते हुए पुलिस सीमा पर तैनात रही।
क्षेत्राधिकारी नौतनवां राजू कुमार साव ने बताया कि 150 नेपाली नागरिक बुधवार को यहां पहुचे थे, जिन्हें गुरुवार को नेपाल के अधिकारियों ने प्रवेश देने के लिए आश्वासन दिया था लेकिन रात 9 बजे तक प्रवेश नही मिला। जिस पर सभी आक्रोशित हो गए और सरहद पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। सबको समझा बुझाकर क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।