बार्डर क्षेत्र में बरामद नेपाली शराब ।स्रोत पुलिस विभाग
निचलौल। भारत-नेपाल बार्डर पर बिहार चुनाव को देखते हुए अवैध शराब के धंधेबाजों नेपाली शराब की तस्करी तेज कर दी है। धंधेबाज नारायणी नदी और बार्डर की पगडंडियों के रास्ते नेपाली शराब को कुशीनगर होते हुए बिहार पहुंचा रहे हैं। शनिवार आधी रात को पुलिस, आबकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कनमिसवा नाला पुल के पास से एक शख्स को 360 बोतल नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार शख्स के मुताबिक बरामद नेपाली शराब को वह कुशीनगर के रास्ते बिहार ले जा रहा था। आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि बिहार चुनाव को देखते हुए बहुआर पुलिस चौकी इंचार्ज भूपेंद्र प्रताप सिंह और झुलनीपुर एसएसबी बीओपी के उपनिरीक्षक टोकेश्वर गोगोई की संयुक्त टीम के साथ झुलनीपुर गंडक नहर पुल के पास सतर्क थे। मुखबिर से उन्हें सूचना मिली कि नेपाल से बार्डर के पगडंडी के रास्ते अवैध शराब की तस्करी कर भारतीय सीमा क्षेत्र में लाया गया है। धंधेबाज शराब को कुशीनगर के रास्ते बिहार भेजने की फिराक में है।
संयुक्त टीम ने कनमिसवा नाला पुल के पास छापा मारा तो बॉर्डर रोड के दक्षिण में अवैध शराब लेकर बैठा एक शख्स दिखाई दिया। तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शख्स के पास से तीन बोरियों में छिपाकर रखी गई 360 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई। गिरफ्तार शख्स ने अपना नाम नागेंद्र पासवान निवासी बहुआर कला बताया है।
पहले भी बरामद हो चुकी है बड़ी खेप
बिहार में विधानसभा चुनाव की हलचल शुरू होने के बाद से भारत-नेपाल बार्डर के पगडंडियों और नारायणी नदी के रास्ते अवैध शराब के धंधेबाज सक्रिय हो गए। इसके पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने बार्डर क्षेत्र में नेपाली शराब की बरामदगी की है।
-10 अक्तूबर को भारत-नेपाल बार्डर पर आबकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 120 बोतल नेपाली शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था।
-29 अगस्त को भारत-नेपाल सरहद पर आबकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 12 पेटी नेपाली शराब के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया था।
-16 अगस्त को भारत-नेपाल सरहद से सटे गांव बहुआर के लाइन टोला में आबकारी टीम ने एक मकान पर छापा मारकर 22 पेटी नेपाली शराब बरामद किया था।
-14 जुलाई को कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र में दो और निचलौल में एक सहित तीन जगहों पर आबकारी टीम ने छापा मारकर 262 शीशी अवैध शराब बरामद की थी।