परीक्षा नियंत्रक ने जारी आदेश में कहा है कि 17 दिसंबर को निर्धारित प्रश्नपत्र सीओएम-303, ईसीओ-302 की परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। अन्य परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार यथावत चलती रहेंगी। संबंधित कॉलेजों के केंद्राध्यक्षों से कहा गया है कि सीओएम-303 और ईसीओ-302 के प्रश्नपत्र सील पैक स्थिति में ही वापस किया जाना सुनिश्चित करें।
जेबी महाजन डिग्री काॅलेज में मंगलवार को परीक्षा के दौरान काॅलेज प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 17 दिसंबर को होेने वाली सीओएम-303 और ईसीओ-302 की परीक्षा के पेपर काॅलेज में एक दिन पहले मंगलवार को ही बांट दिए गए। डीडीयू प्रशासन ने यह दोनों परीक्षाएं निरस्त कर दी है। केंद्राध्यक्ष को बदल दिया गया है, मामले की जांच का निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन
जेबी महाजन डिग्री कॉलेज, चौरीचौरा में मंगलवार को स्नातक वाणिज्य संकाय द्वितीय वर्ष की इकोनॉमिक्स-301 और काॅमर्स-302 विषय की परीक्षाएं थीं। परीक्षा हॉल में कॉमर्स के परीक्षार्थियों को सीओएम-302 की जगह सीओएम-303 का प्रश्नपत्र मिल गया। इसी तरह इकोनॉमिक्स के प्रश्नपत्र ईसीओ-301 की जगह 302 बंट गया था।
बताया जा रहा है कि पेपर बंटने के करीब 15 मिनट बाद छात्रों ने इसकी जानकारी कक्ष निरीक्षकों को दी। इसके बाद कक्ष निरीक्षकों ने इसकी जानकारी केंद्राध्यक्ष को दी। एक दिन पहले ही पेपर बंट जाने की सूचना के बाद कॉलेज में अफरातफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में संबंधित छात्रों से पेपर वापस लिए गए।
वहां के छात्रों को बाद में संबंधित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए। इसके बाद संबंधित विषयों की परीक्षाएं शुरू हो सकीं। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने पेपर वापस लिए जाने की प्रक्रिया के बाद एक पेपर ले जाकर अपनी बाइक की डिक्की में रख दी थी।
कॉलेज प्रशासन ने बाद में उससे प्रश्नपत्र जमा कराया। इस संबंध में कॉलेज के जिम्मेदार कुछ भी बताने से कतराते रहे। वहां से छात्रों के बाहर निकलने के बाद इस मामले से जुड़े अलग-अलग तथ्य वायरल होने लगे।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक ने जारी आदेश में कहा है कि 17 दिसंबर को निर्धारित प्रश्नपत्र सीओएम-303, ईसीओ-302 की परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। अन्य परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार यथावत चलती रहेंगी।
संबंधित कॉलेजों के केंद्राध्यक्षों से कहा गया है कि सीओएम-303 और ईसीओ-302 के प्रश्नपत्र सील पैक स्थिति में ही वापस किया जाना सुनिश्चित करें। पेपर कोड सीओएम-303 और ईसीओ-302 की परीक्षाओं की तिथि जल्द जारी होगी।
मांगी गई सीसीटीवी फुटेज
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। इसके लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। केंद्राध्यक्ष को हटाकर डॉ. निमिषा राय को नया केंद्राध्यक्ष बनाया गया है। महंत अवेद्यनाथ राजकीय डिग्री कॉलेज, जंगल कौड़िया के प्रो. उमा शंकर प्रसाद को कॉलेज का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
कॉलेज प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज मांगी गई है। जांच समिति को तीन दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। समिति यह भी परखेगी कि इन परीक्षाओं के निरस्त होने से विश्वविद्यालय को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है? इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
यह गंभीर मामला है। मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। समिति की रिपोर्ट और संस्तुतियों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोनों पेपर की परीक्षाएं बाद में कराई जाएंगी। संबंधित कॉलेज से केंद्राध्यक्ष को बदल दिया गया है। कॉलेज के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया है: प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू