एमबीबीएस-बीडीएस में प्रवेश के लिए होने वाली नीट यूजीसी काउंसिलिंग की सूची से बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज का नाम गायब है। कॉलेज में एमबीबीएस की डेढ़ सौ सीटों पर प्रवेश होना है, लेकिन काउंसिलिंग में कॉलेज का नाम गायब होने से छात्र परेशान हैं। इस कारण कॉलेज की मान्यता के संबंध में भी कई प्रकार की अफवाहें उड़ीं। शुक्रवार को कॉलेज परिसर में पूरे दिन इसी विषय पर चर्चाएं होती रहीं।
वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. गणेश कुमार का कहना है कि यह मानवीय भूल हो सकती है। केवल बीआरडी का ही नाम नीट की काउंसिलिंग सूची से गायब नहीं है। देश के कई अन्य मेडिकल कॉलेज के नाम भी सूची में नहीं हैं। इन सभी के नाम अगली काउंसिलिंग में शामिल कर लिए जाएंगे।
प्राचार्य ने बताया कि नाम जोड़े जाने का आग्रह किया गया है। उम्मीद है कि सूची में जल्द नाम शामिल हो जाएगा। इस संबंध में छात्रों ने बताया कि 28 अक्तूबर को वेबसाइट खुलने पर कॉलेज का नाम गायब मिलने पर उन्हें लगा कि कोई तकनीकी समस्या है। पहली काउंसिलिंग में पसंद का मौका महज सोमवार तक है। छात्रों ने बताया कि इसी कारण सभी परेशान हैं। बताया कि इस संबंध में किसी से कोई सही जवाब नहीं मिल पा रहा है।
पंजीकरण दो नवंबर तक
प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी
mcc.nic.in पर काउंसिलिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। नीट यूजी काउंसिलिंग के पहले चरण के लिए दो नवंबर दोपहर तीन बजे तक पंजीकरण कराया जा सकता है। फीस दो नवंबर की शाम पांच बजे तक जमा की जा सकती है।
आयोजित होंगे तीन राउंड
नीट-2020 की काउंसिलिंग के कुल तीन राउंड आयोजित किए जाएंगे। इनमें माप-अप राउंड (अंतिम चरण) भी शामिल है। माप-अप राउंड डीम्ड, सेंट्रल यूनिवर्सिटी व कर्मचारी राज्य बीमा निगम के कालेजों के लिए आयोजित होगा। इसके लिए पंजीकरण 10 दिसंबर से शुरू होगा।