गोरखपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 43 केंद्रों पर संपन्न हो गई। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आयोजित परीक्षा में केमिस्ट्री, फिजिक्स व बायोलॉजी के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों की मेधा की कड़ी परीक्षा ली। केमिस्ट्री के प्रश्न तुलनात्मक रूप से ज्यादा कठिन लगे।
अभ्यर्थी आदित्य कुमार ने बताया कि भौतिकी व जीव विज्ञान के प्रश्न बहुत आसान लगे लेकिन लेकिन रसायन विज्ञान के केमिकल बॉन्डिंग से जुड़े सवाल कठिन थे। अभ्यर्थी रंजीता कुमारी ने बताया कि पेपर आसान आया था लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री के कुछ सवाल कठिन थे। कुल मिलाकर देखा जाए तो पेपर बढ़िया हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार परीक्षा में प्रश्न आसान आए थे। उम्मीद है कि मेरिट हाई जाएगी।
97.7 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे उपस्थित
इस परीक्षा के लिए शहर में कुल 43 केंद्र बनाए गए थे। इसमें 21,291 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 20,808 उपस्थित व 483 अनुपस्थित रहे। यानी कुल 97.7 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिला परीक्षा समन्वयन समिति के सदस्य बैरिस्टर पांडेय ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराइ गई थीं। किसी भी केंद्र से कोई शिकायत नहीं मिली।