गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में जुलाई सत्र 2026 में पीएचडी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें कुल 132 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इनमें विश्वविद्यालय फेलोशिप के साथ 65 और स्ववित्तपोषित/प्रायोजित 67 सीटें शामिल हैं। अभ्यर्थी 30 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
एमएमएमयूटी में वर्ष में दो बार (जनवरी और जुलाई) पीएचडी में प्रवेश लिया जाता है। जुलाई सत्र के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत इंजीनियरिंग के विभिन्न विषयों के साथ ही विज्ञान (मैथ, फिजिक्स, केमिस्ट्री), प्रबंधन और मानविकी के विषयों में प्रवेश लिया जाता है।
अधिष्ठाता प्रो. राजेश यादव ने बताया कि पीएचडी में प्रवेश के लिए परास्नातक में 55 प्रतिशत या उससे अंक पाने वाले अभ्यर्थी अर्ह हैं। बीटेक में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी पीएचडी में प्रवेश के लिए अर्ह हैं। जून में शोध पात्रता परीक्षा और उसके बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया होगी। मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
नेट-जेआरएफ क्वालीफाइड अभ्यर्थियों को वेटेज दिया जाता है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट phd.admissionmmmut.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।
पीजी में प्रवेश के लिए आज से करें आवेदन
गोरखपुर। एमएमएमयूटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया चार मई से शुरू हो रही है। पीजी प्रवेश समन्वयक प्रो. जीउत सिंह ने बताया कि एमटेक के 13 पाठ्यक्रमों की कुल 246, एमएससी भौतिकी, रसायन विज्ञान व गणित की 30-30, एमसीए व एमबीए की 75-75, एमफार्म फार्मास्यूटिक्स और एमफार्म फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री की 15-15 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इस वर्ष एमफार्म फार्मास्यूटिक्स और एमफार्म फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री नए कोर्स के रूप में शुरू हो रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि चार जून है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.mmmut.ac.in पर प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।