सुई से नशा करने वालों को संक्रमण से बचाने के लिए गोरखपुर जिले के 100 शैय्या टीबी अस्पताल में ओपिऑयड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (ओएसटी) केंद्र शुरू कर दिया गया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्र और अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एके वर्मा ने शुक्रवार को इसका उद्घाटन किया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि सुई से नशा करने वालों में एड्स संक्रमण, हेपेटाइटिस सी और शारीरिक क्षति की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे लोगों के परामर्श व इलाज की सुविधा अब तक सिर्फ मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध थी। अब टीबी अस्पताल में एक स्टॉफ नर्स को इस कार्य के लिए तैनात किया गया है। निशुल्क दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अभी जिले में ऐसे 100 से अधिक सुई से नशा करने वाले लोग हैं जो मेडिकल कॉलेज से इलाज की सुविधा प्राप्त कर रहे थे। मौके पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. एएन त्रिगुट, डॉ. एसके द्विवेद्वी, जिला क्षय रोग कार्यालय से एएन मिश्र, धर्मवीर प्रताप सिंह, परामर्शदाता माधुरी तिवारी, कर्मचारी ज्ञानेंद्र, प्रोजेक्ट मैनेजर कुंदन कुमार सिंह और यूपी एड्स कंट्रोल सोसाइटी व टेक्निकल सपोर्ट यूनिट के प्रतिनिधि विश्वंभर मिश्र मौजूद रहे।