- गोला थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गोला। गोला कस्बे के चंद चौराहे के पास बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और भाग गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
कोटिया नायक गांव निवासी जानकी देवी पत्नी संजय यादव ने बताया कि वह बृहस्पतिवार दोपहर गोला कस्बे में मोबाइल ठीक कराने आई थीं। मोबाइल बनवाने के बाद वह घर लौटने के लिए चंद चौराहे पर ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान चंद चौराहे से मोबाइल दुकान के बीच कौड़ीराम रोड पर एक बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और झपट्टा मारकर उनके गले में पहना मंगलसूत्र खींच लिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से भाग गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वे हाथ नहीं आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।