आशा भोसले और कोरियोग्राफर सरोज खान के साथ मंच साझा कर चुकी हैं श्रेयांशी।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर की श्रेयांशी भले ही कक्षा 12वीं की छात्रा हैं, लेकिन उन्होंने कद और उम्र से बढ़कर सफलता हासिल की है। गोरखपुर, बस्ती महोत्सव में अपनी नृत्य कला की धाक जमाने वाली श्रेयांशी आशा भोसले और बॉलीवुड की कोरियोग्राफर सरोज खान के साथ भी मंच साझा कर चुकी हैं। उन्हें पूर्वांचल नटराज का खिताब भी मिला है।
बशारतपुर के गंगानगर में रहने वाले प्रवीर आर्या इंजीनियर होने के साथ ही शहर के प्रमुख व्यवसायी भी हैं। उनकी दो बेटियों में श्रेयांशी छोटी हैं। लिटिल फ्लावर स्कूल, धर्मपुर में पढ़ने वाली श्रेयांशी ने तीन वर्ष की उम्र से ही नृत्य करना शुरू कर दिया था। उनकी रुचि को देखते हुए प्रवीर आर्या और बहन दिव्यांशी ने भी उनका सहयोग किया। पिता और बहन के सहयोग से ही श्रेयांशी को सफलता मिली है।
करीब छह साल पहले आईटीएम गीडा के एक कार्यक्रम में कोरियोग्राफर सरोज खान के सामने प्रस्तुति देकर उनकी सराहना हासिल की थी। यूनेस्को की तरफ से सांस्कृतिक शहरों में शामिल किए जाने पर श्रेयांशी को वाराणसी में अपनी कला के प्रदर्शन के लिए बुलाया गया था। यहां उन्होंने आशा भोसले के सामने प्रस्तुति दी। टीवी पर आने वाले शो सुर संग्राम में भी तीसरे स्थान पर रह चुकी हैं। बताया कि उन्हें लोकनृत्य के साथ संगीत से भी खासा लगाव है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला गोरखपुर के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।