गीडा थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 13 गीडा स्थित नंगलिया फूड इंडस्ट्री में बॉयलर फटने से दो मजदूर की मौत हो गई। एक की मौत मौके पर ही हो गई जबकि दूसरे की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी नार्थ मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गीडा स्थित इस फैक्टरी में टॉफी, फेन, टोस्ट, बिस्किट आदि बनता है। इसमें 10 से ज्यादा वर्कर काम करते हैं। शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे अचानक तेज धमाका हुआ और फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। अगल-बगल के लोग भी इस फैक्टरी के तरफ दौड़ पड़े। फैक्टरी का गेट अंदर से बंद होने की वजह से काफी देर तक लोगों को घटना के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर बार स्थिति स्पष्ट हो सकी। बॉयलर फटने की वजह से इसकी चपेट में फैक्टरी में दो मजदूर आ गए थे। एक की तो मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी पहचान ग्राम देईपार निवासी पुरुषोत्तम पुत्र रामनाथ के रूप में हुई। वहीं मुकेश कुमार मिश्रा नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। फैक्टरी मालिक अनिल नांगलिया तत्काल घायल मुकेश को लेकर नांगलिया अस्पताल पहुंचे, जहां से रेफर कर दिए जाने के बाद पहले सावित्री अस्पताल और फिर बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, लेकिन काफी देर अंदर से गेट था बंद
घटना की जानकारी मिलने के बाद गीडा थाने के इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे, लेकिन अंदर से गेट बंद रहने की वजह से उन्हें वापस लौटना पड़ा। वहां इकट्ठा लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया तो जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार सहजनवां शशिभूषण पाठक पहुंचे। उन्होंनेफैक्टरी का मुख्य गेट खुलवाया और अंदर गए तब जाकर पता चला कि बॉयलर फटा है। इसकी वजह से फैक्टरी की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। एक बाइक को भी नुकसान पहुंचा था। इस दौरान एसपी नार्थ औरएसडीएम सहजनवां सुरेश कुमार राय भी पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद फैक्टरी मालिक से फोन पर बात की। तब घटना के बारे में विस्तृत जानकारी मिली। पता चला कि छह वर्ष से फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर पुरुषोत्तम पुत्र रामनाथ सिंह निवासी ग्राम देईपार की मौत हो चुकी है और मुकेश कुमार मिश्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रथम दृष्टया फैक्टरी में सुरक्षा के कोई भी उपकरण नहीं दिखे।
शाम को फैक्टरी का बॉयलर फट गया। जिसमें एक वर्कर पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मुकेश कुमार मिश्रा को तत्काल पहले नांगलिया अस्पताल और फिर सावित्री अस्पताल ले जाया गया। जहां से रेफर किए जाने के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। दोनों मृतकों के परिजनों की हर संभव सहायता की जाएगी। वहीं बॉयलर के फटने से वह खुद भी काफी अचंभित हैं क्योंकि शुक्रवार को फैक्टरी संचालित करने के पहले सारे पैरामीटर की जांच की गई थी। सभी कुछ बिलकुल ठीक था।
-अनिल नांगलिया, निदेशक, नांगलिया फूड प्रोडक्ट्स