राम मंदिर बनना सौभाग्य की बात, जल्द ही मेरा एक गाना प्रभु श्रीराम पर रिलीज होगा
- गोरखपुर महोत्सव में शामिल होने आए बॉलीवुड गायक बी प्राक बोले- गोरखपुरवासियों का प्यार यहां लेकर आया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बॉलीवुड गायक बी प्राक ने कहा कि मेरे गानों में लोगों का दर्द होता है। मैं तो टूटे दिलों की आवाज हूं। जब लोग मेरे गाने सुनते हैं तो उनको उसमें अपनी बातें याद आती हैं इसलिए उसे ज्यादा पसंद करते हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर बनना सभी भारतवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। 22 जनवरी को हम सभी दिवाली मनाएंगे। जल्द ही प्रभु श्रीराम पर मेरा एक गाना रिलीज होने वाला है।
यह बातें गोरखपुर महोत्सव के बॉलीवुड नाइट में शामिल होने आए बॉलीवुड गायक बी प्राक ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने अपना गाना ‘हे दुख भंजन मारुति नंदन’ गाकर भी सुनाया। कहा कि पहली बार गोरखपुर आया हूं। सच कहूं तो गोरखपुरवासियों का प्यार ही यहां खींचकर लाया है।
यहां का रामगढ़ताल बहुत सुंदर है, रास्ते भर उसे देखता आया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर पहली बार आए हैं तो गुरु गोरखनाथ के दर्शन करेंगे और साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलूंगा।