गोरखपुर महोत्सव के पहले दिन बॉलीवुड नाइट में गायक बी प्राक ने सजाई महफिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव में बृहस्पतिवार रात बॉलीवुड नाइट में गायक बी प्राक ने सर्द रात में सुरों की महफिल सजाकर सर्द रात में लोगों में जोश की गर्मी भर दी। एक के बाद एक हिट गानों को सुनाकर बी प्राक ने बॉलीवुड नाइट में धमाल मचाने के साथ ही गोरखपुर महोत्सव-2024 को यादगार बना दिया। बी प्राक के गानों पर श्रोता झूमते नजर आए। देशभक्ति गाना, दर्द भरे नगमे या फिर भजन हो, श्रोताओं ने जमकर आनंद लिया।
''''कुछ ऐसा कर कमाल कि मैं तेरा हो जाऊं'''' गीत के साथ जब बी प्राक ने महोत्सव के मंच पर दस्तक दी तो श्रोताओं ने शोर मचाकर उनका स्वागत किया। ''''दिल तोड़ के हंसती हो मेरा, वफाएं मेरी याद करोगी'''' इस गीत ने बॉलीवुड नाइट की महफिल में अलग ही रंग डाल दिया। सभी श्रोता इसे साथ में गुनगुनाने लगे। ''''अगर तुझे हो गया कुछ तो दुनिया जला देंगे'''' गीत से पिता-पुत्र के रिश्ते को उकेर कर उन्होंने कुछ देर के लिए माहौल को भावुक किया।
''''ओम शांति ओम'''', ''''बचना ऐ हसीनों'''', ''''सौदा खरा-खरा'''' जैसे गीतों से मस्ती का माहौल छा गया। ''''सावन में लग गई आग'''' और ''''रामजी की चाल देखो'''' से बी प्राक श्रोताओं के दिल में उतरते गए। ''''दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड'''', ''''ऐ खुदा तू बोल दे तेरे बादलों से तेरा यार हंस रहा है बारिश की..'''', जब उन्होंने अपना मशहूर गीत ''''तेरी मिट्टी में मिल जावां'''' सुनाई तो श्रोताओं के साथ ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए।
सांसद रवि किशन ने श्रोताओं को बताया कि बी प्राक को उन्होंने एक मैसेज किया और वे यहां आने के लिए तैयार हो गए। साथ ही गोरखपुर महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए कोई फीस नहीं ली है तो गोरखपुर के लोगों का स्नेह उनके प्रति और बढ़ गया।