- समिति में बुजुर्ग महिला-पुरुष, उत्साही युवाओं को जोड़ा जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने सभी 80 वार्डों में जल्द से जल्द स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति गठित कर उसे क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बाकायदा समिति की बैठक कर कार्य वृत्त पंजिका में बैठक की कार्रवाई दर्ज करने के लिए सभी को निर्देशित किया गया है। सभी को डोर-टू-डोर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति, मोहल्ला समितियों, आरडब्लूए, विभिन्न व्यवस्थित कॉलोनियों की समिति के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर गठित की जाएगी। इस समिति में सात से 15 सदस्य शामिल किए जा सकते हैं। जिनमें वार्ड में निवास करने वाली दो वरिष्ठ महिलाएं एवं पुरुष, सामाजिक कार्यों में सक्रिय महिला एवं पुरुष, पांच युवाओं एवं वरिष्ठ सफाई कर्मी को शामिल किया जाना अनिवार्य है। ताकि नगर निगम के कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके।
जीरो वेस्ट त्योहार के आयोजन का महत्व भी बताएगी
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति अपने वार्डों में अब लक्ष्मी पूजा और अन्य त्योहारों को जीरो वेस्ट त्योहार के रूप में मनाने के लिए प्रेरित करेगी। त्योहारों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने, प्रतिबंधित पाॅलिथीन के स्थान पर कागज एवं कपड़े के थैले के इस्तेमाल एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगी।