गोरखपुर। शहर में खाली पड़े पोल और लाइटों की सूची तैयार होगी। साथ ही पार्षद वरीयता की सभी लाइटें एक हफ्ते में लगा दी जाएंगी। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने पथ प्रकाश विभाग को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने समीक्षा बैठक में कहा कि 250 की संख्या में लाइटों का बफर स्टॉक स्टोर में रखा जाए। ताकि तत्काल जरूरत के समय काम आए। सहायक अभियंता पथ प्रकाश को निर्देश दिए कि वार्डों में सर्वेक्षण कर खाली पोल एवं खराब लाइटों की सूची तैयार कर रिपोर्ट करें। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि पार्षद वरीयता के तहत अब तक 801 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने सभी प्रकाश बिंदुओं को कंट्रोल कमांड मॉनीटरिंग सेंटर (सीसीएमएस) से कनेक्ट करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर निगम के पास चार स्काई लैडर हैं, लेकिन सभी की मरम्मत की आवश्यकता है। नगर आयुक्त ने तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। संवाद
-
स्क्रैप वाहनों की रिकॉर्डिंग करें
नगर आयुक्त ने वाहन विभाग की समीक्षा में कहा कि स्क्रेप वाहनों की नीलामी करें। साथ ही स्क्रैप वाहनों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निगम के वाहनों के रखरखाव के लिए वर्कशॉप के काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी व्यक्त की। गाड़ियों की डेंटिंग पेंटिंग एवं गाड़ियों की धुलाई के लिए संबंधित को निर्देशित किया।