गोरखपुर। शहर में अवैध होर्डिंग और यूनिपोल के खिलाफ अमर उजाला की ओर से लगातार खबरें प्रकाशित किए जाने का असर दिखने लगा है। नगर निगम ने अवैध विज्ञापन सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को अभियान के तहत 220 फ्लैक्स बोर्ड और बिजली के खंभों पर लगे 116 बोर्ड जब्त किए गए। साथ ही करीब 80 स्थानों से पोस्टर हटाए गए।
नगर निगम के विज्ञापन विभाग की टीम ने टाउनहाल से बैंक रोड, अग्रसेन तिराहा होते हुए विजय चौराहा तक और वहां से सुमेर सागर व जटाशंकर चौराहा तक अभियान चलाया। इस दौरान फ्लैक्स बोर्ड और बिजली के खंभों पर लगे बोर्ड हटाए गए व जब्त किए गए। अमर उजाला की ओर से शहर में जगह-जगह लगे अवैध होर्डिंग और यूनिपोल का मुद्दा लगातार खबरें प्रकाशित किया था। इसके बाद नगर निगम की ओर से कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अवैध होर्डिंग, फ्लैक्स बोर्ड, पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री हटाई गई। हाल ही में शुरू हुए इस अभियान के तहत बृहस्पतिवार को तीसरी कार्रवाई की गई है।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के अनुसार, नगर आयुक्त ने सभी संस्थाओं को निर्देश दिया है कि नगर निगम से अनुमति लेकर ही विज्ञापन लगाएं। बिना अनुमति विज्ञापन सामग्री लगाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने लोगों से शहर की सुंदरता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत विज्ञापन सामग्री नहीं लगाने की अपील की है।