नगर निगम : गली-मोहल्लों और पार्कों में लगाने की तैयारी
साउंड सिस्टम से लोग सीधे दर्ज करा सकेंगे शिकायत
गोरखपुर। नगर निगम शहर के सभी वार्डों में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी में जुटा । गली-मोहल्लों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और पार्कों में लगाए जाने वाले इन कैमरों के जरिये न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, बल्कि स्वच्छता और सार्वजनिक संपत्तियों की निगरानी भी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
यही नहीं, आधुनिक कैमरों की खासियत यह होगी कि इनमें साउंड सिस्टम भी लगा होगा। इसके माध्यम से स्थानीय लोग किसी समस्या, शिकायत या आपात स्थिति की जानकारी सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। इससे नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद और बेहतर होगा।
इस परियोजना पर लगभग तीन लाख रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। इस पहल से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, सार्वजनिक संपत्तियों की बेहतर सुरक्षा होगी और स्वच्छता संबंधी नियमों के पालन में भी सुधार आएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कैमरों की मदद से सड़क पर कूड़ा फेंकने वाले, पार्कों में तोड़फोड़ करने वाले और सार्वजनिक स्थानों को नुकसान पहुंचाने वालों पर नजर रखी जाएगी। इससे शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से 300 से अधिक कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है। कैमरे लगाने के लिए स्थानों का चयन किया जा रहा है और जल्द ही स्थापना का कार्य शुरू होगा।