42 पाठ्यक्रमों के लिए तीन पालियों में होंगी परीक्षाएं, 13 जुलाई तक चलेंगी
पांच जुलाई को होगी बीएससी ऑनर्स गणित व बीए ऑनर्स की प्रवेश परीक्षा
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्नातक एवं परास्नातक प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेंगी। प्रवेश पत्र 27 जून से विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in से डाउनलोड किए जा सकेंगे। पांच जुलाई को बीएससी ऑनर्स गणित व बीए ऑनर्स की प्रवेश परीक्षा क्रमश: पहली और तीसरी पाली में होगी।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष 42 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। सुबह की पाली नौ बजे से 11 बजे तक, दोपहर की पाली 12 से दो बजे तक तथा शाम की पाली तीन से पांच बजे तक आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन 30 जून को प्रातः पाली में डीफार्मा, दोपहर में एमएससी (कृषि) और सायं पाली में बीफार्मा की परीक्षा होगी। एक जुलाई को बीएससी (कृषि) ऑनर्स, बीएससी (नेचुरल फॉर्मिंग ), एमए (भूगोल), एमएससी (बायोटेक्नोलॉजी), एमए व एमएससी (गणित) और एमए (शिक्षाशास्त्र) की परीक्षाएं अलग-अलग पालियों में होंगी।
प्रवेश प्रक्रिया को कम से कम अवधि में पूरा करने तथा समय से सत्र शुरू करने के लिए इस वर्ष प्रवेश परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जा रही हैं। जिन विषयों में टेस्ट नहीं हो रहे, वहां प्रवेश प्रक्रिया जुलाई के प्रथम सप्ताह में ही शुरू कर दी जाएगी।
-प्रो पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू