गोरखपुर। शहर की प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम ने 5.57 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत वीआईपी वार्डों, प्रमुख चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। योजना के लागू होने के बाद शहर के कई डार्क स्पॉट रोशन होंगे और रात में आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा।
नगर निगम के एजेंडा के तहत पांच करोड़ 57 लाख 47 हजार रुपये की लागत से विभिन्न प्रकाश व्यवस्था संबंधी कार्यों का अनुमोदन किया गया। यह 15वां वित्त आयोग के तहत कार्य होंगे। इसके तहत 12.5 मीटर ऊंचाई के 20, 16 मीटर के 12 तथा 20 मीटर के आठ हाईमास्ट वीआईपी वार्डों और प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे। इसके अलावा नौ मीटर ऊंचाई के 50 ऑक्टोगोनल पोल एवं आधुनिक लाइटें भी स्थापित की जाएंगी।
प्रकाश व्यवस्था के अनुरक्षण को बेहतर बनाने के लिए 17.70 लाख रुपये की लागत से एक छोटी लैडर खरीदने की भी स्वीकृति दी गई है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इससे खराब लाइटों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य तेजी से किया जा सकेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि शहर के अंधेरे इलाकों को रोशन करने के लिए पुराने वार्डों में चार-चार और नए वार्डों में दस-दस एसटी पोल एवं लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कुल 380 एसटी पोल और लाइटों की खरीद की जाएगी। इसके अतिरिक्त महानगर के पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर लगाने के लिए 12.5 मीटर ऊंचाई वाले 111 नए हाईमास्ट भी खरीदे जाएंगे।