गोरखपुर। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा बृहस्पतिवार को कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच संपन्न हो गई। दूसरे व अंतिम दिन लगभग 44 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरे दिन कुल 18,188 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 10104 शामिल हुए, जबकि 8084 अनुपस्थित रहे।
टीजीटी की पहली पाली की परीक्षा 15 केंद्रों पर सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक संपन्न हुई। इसमें अंग्रेजी, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान व संगीत वादन विषयों के लिए कुल 7127 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। उनमें से 4205 उपस्थित व 2922 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक संपन्न हुई। इसमें संस्कृत, वाणिज्य और कला विषयों के लिए 11,061 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 5899 उपस्थित व 5162 अनुपस्थित रहे। इस तरह दूसरे दिन परीक्षा में 55.55 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल रहे।