गोरखपुर नगर निगम 2025 तक 2.98 लाख घरों में पानी के नए कनेक्शन देगा। सिटी वाटर एक्शन प्लान के तहत नगर निगम ने शहर के विस्तार के साथ घरों की संख्या का वैज्ञानिक पद्धति से आकलन किया है।
शासन के निर्देशानुसार, नगर निगम सिटी वाटर बैलेंस प्लान का प्रारूप तैयार कर चुका है। इसके अनुसार वर्तमान समय में प्रतिदिन 9.8 करोड़ लीटर (98 एमएलडी) पानी की सप्लाई होती है, जिसे बढ़ाकर 13.5 करोड़ लीटर (135 एमएलडी) रोज करने की आवश्यकता है। इसे देखते हुए शहर में ट्यूबवेल की संख्या बढ़ाने की भी योजना तैयार की गई है।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि सिटी वाटर एक्शन प्लान तैयार किया जा चुका है। शहर में पानी की आपूर्ति संबंधी पूरे विवरण के साथ भविष्य की जरूरत के अनुसार प्लान तैयार किया गया है। इसके क्रियान्वयन संबंधित विभिन्न बिंदुओं का एक्शन प्लान 28 जनवरी तक शासन को भेज दिया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह ने सिटी वाटर बैलेंस प्लान के तहत वार्ड संख्या-13 शिवपुर सहबाजगंज एवं वार्ड संख्या -68 पुराना गोरखपुर में जल निगम द्वारा लगाए गए पेयजल कनेक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शहर में पीने के पानी की जरूरत, सभी घरों तक जलापूर्ति और कमी को दूर करने के लिए उपाय किए जा रहे हैं। जलापूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक, मिनी ट्यूबवेल, पाइप लाइनों का विस्तार किया जा रहा है ताकि सभी को शुद्व पेयजल उपलब्ध हो सके।