उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल घूमने के लिए जाने वाली महिलाओं के बच्चे भूख से बेहाल नहीं होंगे। नगर निगम ने रामगढ़ताल के पास ऐसा अत्याधुनिक पब्लिक टॉयलेट बनवाया है जिसमें माताओं को अपने बच्चे को दूध पिलाने के लिए विशेष कमरा भी होगा। बता दें कि मेयर सीताराम जयसवाल आज इस पब्लिक टॉयलेट का उद्घाटन करेंगे।
सर्किट हाउस उपकेंद्र के सामने नगर निगम ने करीब 42 लाख रुपए की लागत से अत्याधुनिक शौचालय बनवाया है। इसमें एक कमरा ब्रेस्ट फीडिंग के लिए होगा। इसमें मां अपने बच्चे को दूध पिला सकेंगी। मतलब यह कि बच्चे को भूख लगने पर अपना दूध पिलाने के लिए मां को घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना होगा और बच्चा भूख से बेहाल नहीं होगा। यह पहली बार होगा जब कोई सरकारी विभाग सार्वजनिक स्थल पर ऐसी सुविधा उपलब्ध कराएगा।
दरअसल रामगढ़ताल के सामने और नौकायन पर रोजाना हजारों लोग आते हैं। लेकिन पब्लिक टॉयलेट नहीं होने की वजह से लोगों को काफी समस्या झेलनी पड़ती थी, इसको देखते हुए नगर निगम ने ऐसा अत्याधुनिक पब्लिक टॉयलेट बनवाया है जिसमें महिला, पुरुष तथा दिव्यांगों के लिए अलग-अलग वाश रूम होंगे।