शादी समारोह में डीजे को लेकर विवाद के बाद हुई थी पीट-पीटकर हत्या
कुईं बाजार (गोरखपुर)। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाच-गाने को लेकर हुए विवाद में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मुनीब चौहान (19) की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को मंगलवार हरदत्तपुर के पास लिंक एक्सप्रेसवे मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हरिजनपुर निवासी सत्येंद्र चौहान (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक, घटना 10 फरवरी की रात की है। सहजनवां थाना क्षेत्र के चिरईयाडाड़ गांव निवासी मुनीब चौहान अपनी बहन के ससुराल हरिजनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बहन सरोजा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में उल्लेख किया है कि उनके भाई अनिल दुबई में रहते हैं। उनके ससुराल हरिजनपुर में साली की शादी थी। उसी समारोह में मुनीब भी शामिल हुआ था।
रात करीब 10 बजे डीजे पर नाच-गाने के दौरान गांव के कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सत्येंद्र चौहान, निक्कू और अन्य साथियों ने लाठी-डंडों से मुनीब पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुनीब जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी उसके सिर पर लगातार प्रहार करते रहे। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल शोक में बदल गया।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में मुनीब को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी राकेश कुमार रोशन ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।