भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में रेडीमेड गारमेंट के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री के निर्माण को अनुमति दे दी है।
इसके निर्माण पर 40 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए गीडा प्रबंधन टेंडर जारी करने की प्रक्रिया में जुट गया है। सोमवार को हुई एमएसएमई मंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में फ्लैटेड फैक्ट्री को शामिल किए जाने के बाद से गोरखपुर को रेडीमेड गारमेंट का हब बनाने की कवायद चल रही है। गीडा की ओर से पहले से ही गारमेंट पार्क विकसित किया जा रहा है। अब कम पूंजी के उद्यमियों के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री बनाने का प्रस्ताव है।
सेक्टर 13 में 10,800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर फैक्ट्री का निर्माण किया जाना है। इसपर आने वाले 40 करोड़ रुपये की लागत में भूखंड की छह करोड़ रुपये कीमत भी शामिल है। केंद्र सरकार द्वारा इस योजना के लिए 12 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।