एमआर अभियान शुरू, सीएमओ ने किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने सोमवार को दुर्गाबाड़ी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से एमआर कैंपेन का उद्घाटन किया। इसके तहत कक्षा एक से कक्षा पांच तक के बच्चों को मिजल्स-रुबैला से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इस दौरान विद्यालय में पिंक कार्ड जूनियर अभियान भी चला, जिसके तहत छात्राओं की स्वास्थ्य जांच कर उनका पिंक कार्ड जूनियर बनाया गया।
सीएमओ डॉ. झा ने बताया कि पिंक कार्ड जूनियर अभियान के दौरान अब तक करीब ढाई हजार छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच हो चुकी है। सीएमओ ने बताया कि खसरा एक जानलेवा बीमारी है जिससे निमोनिया, दस्त और जीवन के लिए अन्य जटिल समस्याएं पैदा हो सकती हैं। वहीं अगर गर्भावस्था के दौरान रुबैला का संक्रमण हो जाए तो शिशु को जन्मजात दोष हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के उद्घाटन के साथ साथ 146 छात्राओं का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन सभी छात्राओं का नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को एसीएमओ आरसीएच डॉ. एके चौधरी, डीआईओ डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डीईआईसी मैनेजर डॉ. अर्चना सहित विभिन्न स्वास्थ्य टीमों ने छात्राओं को स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जागरूक भी किया।