सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर गोरखपुर में राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) का ट्रेनिंग सेंटर खोलने की मांग की है।
पत्र में सांसद ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण पूरे देश में लोगों ने अपने घरों की ओर पलायन किया है। ऐसे में अपने घरों को लौटे यूपी और बिहार के लाखों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। ऐसे में लोगों को उनके घरों पर ही सरकार की लघु उद्योग निगम लिमिटेड द्वारा ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ा जा सकता है। कहा कि एनएसआईसी भारत सरकार का एक उद्यम है।
यह देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों का उन्नयन करने, उन्हें सहायता देने तथा उनके विकास में वृद्धि करने का कार्य करता है। जिस प्रकार यह सेंटर देवरिया जनपद में कार्यरत है और इससे युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है। ऐसे में गोरखपुर में एनएसआईसी स्थापित होने के बाद युवाओं को काफी फायदा होगा।