सांसद रवि किशन छात्रा संध्या से मुलाकात करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने शुक्रवार को बहरामपुर की रहने वाली संध्या से मुलाकात की। संध्या के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि आप अन्य छात्राओं के लिए मिसाल हैं। आप अपनी पढ़ाई पर ध्यान दीजिये, आपकी नौकरी की जिम्मेदारी मेरी है।
बाढ़ से जूझ रहे बहरामपुर इलाके में संध्या निषाद के स्कूल जाने के संकल्प ने उन्हें अलग पहचान दे दी है। बाढ़ से घिरे घर से वह खुद नाव खेकर स्कूल जाती हैं। कुछ दिनों पहले इसका वीडियो खूब वायरल हुआ था। जिसके बाद उनके जज्बे की सराहना लगातार हो रही है।
संध्या बताती हैं कि छह साल पहले नाव चलानी सीखा था। इस बाढ़ में इसकी सार्थकता समझ आई। पढ़ाई कर रेलवे में नौकरी हासिल करना ही लक्ष्य है। संध्या अयोध्या दास राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा हैं। स्कूल में कक्षाएं शुरू होने की सूचना मिली तो वह बाढ़ से घिरी हुईं थीं।
स्कूल की शिक्षिका की तरफ से मिले मैसेज के बाद उन्होंने हर हाल में कक्षा में पढ़ाई करने का निर्णय लिया। सांसद ने संध्या के पिता दिलीप निषाद को आश्वस्त किया कि संध्या की शिक्षा से संबंधित किसी भी जरूरत के लिए आप मुझे बता सकते हैं, हर जरूरत पूरी की जाएगी।