देवरिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मां ने अपने प्रेमी से ही बेटी का दो लाख में सौदा कर डाला। नाबालिग किशोरी मामा-मामी और भाई के साथ थाने पहुंची और पुलिस से पूरी दास्तां बताई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मां ने बेटी की गुमशुदगी का केस दर्ज कराया है।
यूपी के देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में मां ने 13 वर्षीय बेटी का अपने ही प्रेमी से दो लाख रुपये में सौदा कर डाला। जैसे ही किशोरी को इसकी भनक लगी वह भागकर मौसी के घर चली गई। किशोरी ने पूरी बात बाराबंकी में रह रहे मामा-मामी और भाई से फोन कर बताया।
विज्ञापन
मामा-मामी और भाई बुधवार की दोपहर में किशोरी को लेकर थाने पहुंच कर तहरीर दी। किशोरी ने पुलिस के सामने पूरी दास्तां बयां की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मां ने बेटी की गुमशुदगी का केस दर्ज कराया है। किशोरी के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बरहज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में मायके में रहती है, जबकि पति विदेश में हैं। महिला साथ में बेटा-बेटी भी रहते थे। आरोप है कि महिला के प्रेम-प्रसंग में बेटा बाधा बन रहा था तो उसने बेटे को मारपीट कर घर से निकाल दिया।
विज्ञापन
इसके बाद वह मामा-मामी के पास जाकर रहने लगा। इधर महिला ने अपने प्रेमी से 13 वर्षीय बेटी का दो लाख रुपये में सौदा कर दिया। प्रेमी से बातचीत करते हुए बेटी ने पूरी बात सुन ली। फिर बाहर रह रहे भाई से किशोरी ने पूरी बात बताई।
किशोरी का कहना है कि भाई के कहने पर वह बरहज थाना क्षेत्र के एक गांव में मौसी के घर चली गई। वहां से किशोरी ने मामा-मामी और भाई से पूरी बात बताई। किशोरी का कहना है कि मां अपने प्रेमी को घर बुलाकर उसके पास जबरदस्ती कर भेज देती थी।
किशोरी का आरोप है कि मां का प्रेमी उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर छेड़खानी और यौन शोषण करने की कोशिश करता था। विरोध करने पर मां के साथ मिलकर मारते-पीटते थे।
किशोरी ने बताया कि जब वह स्नान करती थी या फिर सो जाती थी तो मां कपड़े उतार कर वीडियो कॉलिंग कर अपने प्रेमी को दिखाती थी। उसने कहा कि यह सिलसिला करीब एक साल से चल रहा है। जब विरोध करती थी तो मां, भाई की कसम देकर चुप कर देती थी। मां ने अपने प्रेमी से 20 जून को उसे घर से उठा ले जाने का समय दिया था।
महिला का प्रेमी और पति दोनों हैं दोस्त
महिला का प्रेमी और उसके पति गाड़ी चलाते थे। प्रेमी बघौचघाट क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। महिला भी वहां जाकर एक-दो माह तक रहती थी। उसी समय महिला का पति के दोस्त से नजदीकियां बढ़ गईं। फिर प्रेमी चालक का महिला के मायके भी आना-जाना शुरू हो गया।
महिला के बड़े भाई ने बताया कि जिस दिन प्रेमी को घर बुलाना रहता था, उस दिन पिता को रुपये देकर रिश्तेदारी घूमने के लिए भेज देती थी। जब बेटा विरोध करने लगा तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह उनके पास आकर रहने लगा।
अब बेटी का जीवन बर्बाद करने पर तुली है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही तुरंत किशोरी को हिरासत में ले लिया गया। मामा-मामी और भाई को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
मामला संज्ञान में आया है। पता चला है कि मां ने अपने प्रेमी से बेटी को बेचने का सौदा किया है। इसकी जांच कराई जाएगी। वैसे थाने में किशोरी की गुमशुदगी का केस भी दर्ज है। अब वह मिल गई है तो उसका बयान दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।-सुनील कुमार सिंह, एएसपी दक्षिणी