उत्तर प्रदेश के महराजगंज में फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर सोमवार की सायं करीब साढ़े सात बजे अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से घर के दरवाजे पर बैठी महिला और उस दौरान गोद में बैठे उसके बेटे की मौत हो गई। लोगों ने बाइक सवार को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के विजयसलहिया चौराहा निवासी ज्ञानप्रकाश की पत्नी पूजा (30) सोमवार की सायं करीब साढ़े सात घर के दरवाजे में दो माह के बेटे आदित्य को गोद में लेकर बैठी थी। उसी दौरान बृजमनगंज की तरफ से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर मां-बेटे को चपेट में ले ली।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिए। इसकी सूचना पर स्थानीय लोग उग्र हो गए। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, बाइक पर तीन लोग सवार थे। उनको भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। एसओ संजय दुबे ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी ।