गोरखपुर। अप्रैल की भीषण गर्मी और 40 डिग्री के पार पहुंचते तापमान का असर अब आम लोगों के साथ-साथ जानवरों पर भी दिखने लगा है। शहर में कुत्तों के आक्रामक होने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। पिछले दो दिनों में 198 लोगों को कुत्तों ने काट लिया, जिनमें सर्वाधिक मामले तिवारीपुर क्षेत्र से सामने आए हैं।
तिवारीपुर निवासी मंजीत मौर्य ने बताया कि वह मोहल्ले से गुजर रहे थे, तभी एक कुत्ते ने पीछे से आकर उनके पैर में काट लिया। वहीं शिवकुमार ने भी रात में घर लौटते समय कुत्ते के हमले का शिकार होने की बात कही। इसी क्षेत्र की सीमा ने बताया कि मोहल्ले का एक कुत्ता लोगों को देखते ही दौड़ाता है और काट लेता है। मोहद्दीपुर के रहने वाले मनोज को दो दिन पहले बंदरों के झुंड ने हमला कर घायल कर दिया।
इस तरह के मामलों को लेकर जिला अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने वालों की भीड़ बढ़ गई है। जिला अस्पताल के डॉक्टर दुर्गेश ने बताया कि गर्मी के साथ-साथ भूख और प्यास भी कुत्तों के व्यवहार को प्रभावित करती है, जिससे उनमें काटने की प्रवृति बढ़ जाती है। इस गर्मी में कुत्तों के साथ-साथ अब बंदरों के हमलों की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। जिला अस्पताल में बंदर के काटने के भी कई मामले दर्ज किए गए हैं। कई जगहों पर बंदर भी आक्रामक होकर राहगीरों पर झपट्टा मार रहे हैं।
पशु चिकित्सक डॉ. एके चौधरी ने बताया कि भीषण गर्मी में जानवरों को पर्याप्त पानी और भोजन न मिलने से उनका व्यवहार बदल जाता है। जानवरों से दूरी बनाए रखने और काटने की स्थिति में तुरंत एंटी रेबीज लगवानी चाहिए।