-गोरखपुर विश्वविद्यालय में 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होगी वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता
- तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 168 पदकों के लिए जोर आजमाइश करेंगे खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के लिए चार वर्ष बाद आयोजित होने वाली वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगी। महिला व पुरुष वर्ग के कुल 44 खेलों में 56 स्वर्ण समेत 168 पदक दांव पर होंगे। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में करीब 50 संबद्ध कॉलेजों के 600 से अधिक खिलाड़ियों के जुटने की संभावना है।
गोविवि के नए स्टेडियम में होने वाली एथलेटिक्स मीट को लेकर क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने बताया कि कुलपति प्रो. पूनम टंडन 30 नवंबर को सुबह 10 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट व रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार विजेता सुमन देवी विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित करेंगी। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर होंगे।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग में दौड़, कूद और थ्रो की कुल 22-22 प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें दौड़ की 14, जंप और थ्रो की चार-चार प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इस वर्ष भी सर्वश्रेष्ठ मार्चपास्ट करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
...
खिलाड़ियों की यहां होगी ठहरने की व्यवस्था
प्रतियोगिता में दूर-दराज कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। उनके ठहरने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई है। छात्राओं के ठहरने की व्यवस्था रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास और अलकनंदा छात्रावास में की जाएगी। छात्रों के ठहरने की व्यवस्था स्वामी विवेकानंद छात्रावास के सामने बने नए खेल छात्रावास में की जाएगी।
...
अंतर विवि एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए से चुनी जाएगी टीम
भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा निर्धारित मानकों एवं इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर गोविवि की एथलेटिक्स टीम चुनी जाएगी। यह टीम 25 से 28 दिसंबर तक केआईआईटी विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में आयोजित अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
...
प्रतियोगिता में इन स्पर्धाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
प्रतियोगिता में दौड़ में 100 मीटर, 200, 400, 800, 1,500, 5,000, 10,000 और हाफ मैराथन आयोजित होंगी। इसके अलावा 100, 110 और 400 मीटर बाधा दौड़ भी होगी। रिले रेस 4 गुणा 100 और 4 गुणा 400 मीटर के साथ ही 20 किमी वाक रेस में भी खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। थ्रो में शॉटपुट, डिसकस थ्रो, जेवलिन और हैमर थ्रो का आयोजन होगा। कूद में ऊंची कूद, लंबी कूद, तिहरी कूद और पोल वाल्ट का आयोजन होगा।