- एक से चार दिसंबर के बीच होगी ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता
- विजेता टीम को दो लाख और उप विजेता को एक लाख का नकद पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। खेल विभाग की ओर से ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता एक दिसंबर से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से 12 कबड्डी की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता का समापन चार दिसंबर को होगा।
जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही ने बताया की इस प्रतियोगिता का आयोजन पांचवीं बार किया जा रहा है। इस बार इसमें आईटीबीपी नई दिल्ली, एसएसबी राजस्थान, सीआरपीएफ नई दिल्ली, आर्मी रेल नई दिल्ली, आर्मी ग्रीन नई दिल्ली, आर्डिनेंस फैक्ट्री महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, जेडी एकेडमी नई दिल्ली और केएसएस नैन एकेडमी बागपत की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख रुपये और उप विजेता टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हो सकते हैं।