कोरोना वायरस के चलते पिछले करीब तीन माह से भारत-नेपाल की सीमा सील है। इससे 500 से अधिक शादियों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। हालांकि इसके पीछे मधेश आंदोलन, नेपाल के मानचित्र विवाद के बाद उपजे हालात और नए नागरिकता कानून को भी कारण बताया जा रहा है। लोगों का मानना है कि हालात न सुधरे तो रोटी-बेटी के रिश्ते दरक जाएंगे।
नौतनवां निवासी असलम खान बताते हैं कि भैरहवां (नेपाल) के सेमर पानी में विवाह प्रक्रिया की रश्में लगभग तय हो गई थी। सीमा बंद होने और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से बात आगे नहीं बढ़ सकी। असलम को डर है कि कहीं रिश्ता खटाई में न पड़ जाए।
व्यापार मंडल तहसील अध्यक्ष सोनौली सुभाष जायसवाल ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के तमाम लोगों के संबंध नेपाल के विभिन्न शहरों में हैं। नेपाल में भारत विरोधी माहौल बनाने की कोशिश चल रही है। हालात नहीं सुधरे तो दोनों देश में रोटी-बेटी के रिश्ते दरक जाएंगे। हाल के दिनों में करीब 500 शादियां सीमा बंद होने के कारण स्थगित हो चुकी है।