गोरखपुर के मोदी केमिकल्स और आरके ऑक्सीजन प्लांट पर गुरुवार को पूरे दिन ऑक्सीजन की रिफिलिंग होती रही। ऐसे में सुबह से शाम तक दोनों प्लांटों पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। दोनों फैक्ट्रियों में अभी पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन गैस उपलब्ध है। दोनों फैक्ट्रियों के टैंकर भी जल्द ही गोरखपुर पहुंच जाएंगे। इससे ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
मोदी केमिकल्स की दो फैक्ट्रियों में रोजाना करीब 2500 से 2600 तो आरके ऑक्सीजन में 600 से 700 ऑक्सीजन गैस सिलिंडर को रिफिल किया जा रहा है। मोदी केमिकल्स के प्रवीण मोदी ने बताया कि अभी पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन गैस उपलब्ध है। काशीपुर से ऑक्सीजन गैस का टैंकर चल चुका है। ऐसे में न सिर्फ पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन गैस का बैकअप है, बल्कि अगले कुछ दिनों के लिए भी गैस उपलब्ध रहेगी।
वहीं आरके ऑक्सीजन के अजय जायसवाल ने बताया कि गुरुवार को प्रशासन ने आरके ऑक्सीजन को 3000 लीटर ऑक्सीजन गैस उपलब्ध कराया है। प्लांट में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन गैस उपलब्ध है। राउरकेला से गुरुवार रात टैंकर ऑक्सीजन गैस लेकर चल दिया, जिसके शुक्रवार रात या शनिवार सुबह तक पहुंच जाने की संभावना है।