- ओपीडी, जांच केंद्रों और वार्डों की जानकारी मिलेगी एक ही जगह
- प्रधानाचार्य ने उद्घाटन कर कर्मचारियों को दिए निर्देश
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू चिकित्सालय में सोमवार को आधुनिक पूछताछ पटल की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने किया। इस व्यवस्था से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजन को अस्पताल में जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। पूछताछ पटल पर मरीजों को ओपीडी, विभिन्न विभागों, जांच केंद्रों और वार्डों से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी।
इसके अलावा भर्ती प्रक्रिया और आपातकालीन सेवाओं के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे मरीजों का समय बचेगा और अस्पताल में उन्हें सुविधाएं पाने में आसानी होगी। प्रधानाचार्य ने पटल पर तैनात कर्मचारियों को मरीजों और तीमारदारों के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को तत्काल सही जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस मौके पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगन गुप्ता, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अजहर अली खान, डॉ. पवन जायसवाल, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. प्रांजला सृष्टि, डॉ. मेघना तिवारी सहित चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।